रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। सलोन क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित चल रहे आरोपी मुन्ना कुरैशी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कोडरी के जंगल में छिपा हुआ था और वहां से भागने की फिराक में था।मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सलोन पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
