बच्चों के साथ खुशियां बांटकर मनाया विशेष अवसर, सामुदायिक सहभागिता को मिलेगा बढ़ावा।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 19 अगस्त 2026। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की पहल पर जनपद में विशेष अवसरों को बच्चों के साथ साझा करने की अभिनव पहल के तहत विकासखंड शिवगढ़ के प्राथमिक विद्यालय सीवन में तिथि भोज का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने पिता के जन्मदिवस के अवसर पर बच्चों के लिए तिथि भोज आयोजित किया।
इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और साथ भोजन कर इस विशेष दिन को यादगार बनाया।जिलाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपने जीवन की महत्वपूर्ण तिथियां बच्चों के साथ मनाने के लिए प्रेरित करना है। जन्मदिन, शादी की सालगिरह, पुण्यतिथि अथवा अन्य विशेष अवसरों पर अधिकारी, शिक्षक एवं समाज के अन्य लोग आंगनबाड़ी केंद्रों तथा बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताने और तिथि भोज आयोजित करने के लिए प्रेरित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय सीवन में आयोजित तिथि भोज के दौरान बच्चों के बीच आत्मीयता और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने बच्चों को भोजन कराया और उनके साथ समय बिताकर उन्हें विशेष अवसर की खुशियों में सहभागी बनाया।
जिलाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों से जोड़कर विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। विशेष अवसरों पर बच्चों के साथ भोजन करने और खुशियां साझा करने से उनमें अपनत्व, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास होगा। साथ ही जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों के प्रति संवेदनशीलता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी मजबूत होगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने जीवन की विशेष तिथियों को केवल व्यक्तिगत रूप से मनाने के बजाय बच्चों के साथ साझा करें और उन्हें अपनी खुशियों का हिस्सा बनाएं। इससे बच्चों के बीच खुशी और उत्साह का वातावरण बनेगा तथा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति समाज की जिम्मेदारी और सहभागिता भी मजबूत होगी।
जनपद में तिथि भोज की इस पहल को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने विशेष अवसरों पर बच्चों के साथ समय बिताकर उनके जीवन में खुशी के पल जोड़ सकें और सामाजिक सरोकार की भावना को मजबूत कर सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी शिवगढ़ ऋचा सिंह का विशेष मार्गदर्शन रहा।
