पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल, पीड़ित परिवार ने एसपी से मांगा इंसाफ

रिपीट रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के ग्राम जैनापुर निवासी एक परिवार ने पुलिस प्रशासन पर मानसिक उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार और बिना पर्याप्त साक्ष्य के कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक रायबरेली से न्याय की गुहार लगाई है।

ग्राम जैनापुर निवासी शालिनी पुत्री रामप्रकाश तिवारी द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि गांव के निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र रतिपाल सिंह के विरुद्ध चोरी के मामलों में कार्रवाई होने के बावजूद उसके बयानों के आधार पर खीरों थाना पुलिस उनके परिवार को लगातार परेशान कर रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि बिना किसी ठोस साक्ष्य के उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार 22 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग तीन बजे थाना खीरों की एक महिला पुलिसकर्मी और तीन अन्य पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा गर्भवती महिला के साथ भी दुर्व्यवहार किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर परिवार को धमकियां भी दी गईं।

परिवार का आरोप है कि पुलिस उनके नाबालिग भाई को बिना पर्याप्त साक्ष्य के अपने साथ थाने ले गई, जहां उसके साथ मारपीट भी की गई। शिकायतकर्ता ने कहा कि आए दिन पुलिस की कार्रवाई से पूरा परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उत्पीड़न नहीं रुका और परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पुलिस प्रशासन की होगी।

फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related posts