देखरेख में लापरवाही के आरोप, चारा-पानी और गोवंशों की व्यवस्था पर उठे सवाल
धारा लक्ष्य समाचार
त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। विकासखंड त्रिवेदीगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनिकपुर में स्थापित वृहद गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से गो संरक्षण केंद्र की देखरेख का जिम्मा संभाल रही पूजा सहकारी समिति के जिम्मेदारों की नियमित मौजूदगी नहीं रही, जिसके चलते निराश्रित गोवंशों की देखभाल प्रभावित हो रही है।

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, गो संरक्षण केंद्र में गोवंशों को पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक आहार उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। आरोप है कि भूसे के स्थान पर केवल पुआल खिलाया जा रहा था तथा चूनी, चोकर सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं थी। इससे कई गोवंश कमजोर और बीमार अवस्था में पड़े रहने की बात सामने आई है।
केयरटेकर ने बताई जिम्मेदारों की गैरमौजूदगी
धारा लक्ष्य समाचार की टीम द्वारा गो संरक्षण केंद्र का निरीक्षण किए जाने के दौरान वहां मौजूद केयरटेकर राम लखन ने बताया कि जिस समिति द्वारा अब तक गोवंश आश्रय स्थल की देखरेख की जा रही थी, उसका कोई जिम्मेदार कर्मचारी नियमित रूप से यहां मौजूद नहीं रहता था। उन्होंने बताया कि कई दिनों से समिति का कोई जिम्मेदार कर्मचारी केंद्र पर नहीं आया है।
केयरटेकर के अनुसार, ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव द्वारा भी गोवंश आश्रय स्थल के अंदर जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोके जाने की बात सामने आई। ऐसे में गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं और वहां की वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद संभाली देखरेख

लगातार शिकायतों और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए ग्राम पंचायत सोनिकपुर के ग्राम प्रशासक एवं समाजसेवी महेंद्र शाह सिंह ने पहल करते हुए निराश्रित गोवंशों की देखभाल की व्यवस्था को लेकर तत्काल चुनी चोकर की पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराना सुनिश्चित कर निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल को संभालना शुरू कर दिया है। उनके द्वारा गोवंशों के लिए चारा एवं भोजन की व्यवस्था के साथ उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं की संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थलीय जांच कराई जाए तथा निराश्रित गोवंशों के लिए पर्याप्त भूसा, चारा, चूनी-चोकर, पानी और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
समिति के पक्ष का इंतजार
पूजा सहकारी समिति के जिम्मेदारों पर लगाए गए आरोपों तथा गो संरक्षण केंद्र की देखरेख से संबंधित स्थिति पर समिति का पक्ष सामने नहीं आ सका है। वहीं, पूरे मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों का पक्ष भी प्राप्त नहीं हो सका है। ऐसे में गो संरक्षण केंद्र की वास्तविक स्थिति और व्यवस्थाओं की जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
