नबी-ए-करीम की याद में उमड़ा जनसैलाब, जुलूस-ए-मोहम्मदी में जगह-जगह हुई सबीलें और मिठाइयों का वितरण

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महाराजगंज/रायबरेली। हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की याद में नगर में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी आस्था, मोहब्बत और भाईचारे का अद्भुत संगम बन गया। जुलूस के दौरान नगर की फिजा नात-ए-पाक और सलाम से गूंज उठी। अकीदतमंदों का जनसैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा और लोगों ने नबी-ए-करीम के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा का इजहार किया।जुलूस की शुरुआत मदरसा इस्लामिया स्कूल से हुई। यहां से जुलूस नई बाजार पहुंचा और विभिन्न मार्गों से होते हुए मो. इश्तियाक की दुकान तक गया।

इसके बाद बछरावां रोड, रंधावा तिराहा और अंदरूनी बस्ती से गुजरते हुए पुनः मदरसा इस्लामिया स्कूल पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग पर लोगों ने जुलूस का भव्य स्वागत किया।जुलूस की खास बात यह रही कि जगह-जगह कोल्ड ड्रिंक, लड्डू, जलेबी, फल और अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पानी की सबील और जल सेवा शिविर लगाए गए,

जहां लोगों को ठंडा पानी और शरबत पिलाया गया। सेवा भाव से ओतप्रोत युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।

वक्ताओं ने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को अमन, इंसानियत, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही समाज में शांति और सौहार्द स्थापित किया जा सकता है। जुलूस में शामिल लोगों ने एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर असगर मदरिया, हाजी अकबर मदरिया, हाजी रजब अली मंसूरी, शकील मंसूरी, इरशाद, गप्पू घोड़ी, जीशान मलिक, फैजान मंसूरी, हसनैन कुरैशी, कामरान सिद्दीकी, हाजी जिया उल हक मंसूरी, शाहिद पहलवान, सभासद मुस्ताक, नूरुल हसन, मोहम्मद अली, कौसर कुरैशी, हाफिज अशफाक, हाफिज चांद मोहम्मद, इरशाद कुरैशी उर्फ पप्पन, लाल मनिहार एवं मो. इश्तियाक सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।

जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार एवं इंस्पेक्टर जगदीश यादव भारी पुलिस बल के साथ पूरे समय मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

नगर में निकला यह जुलूस धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का संदेश देकर लोगों के दिलों में अपनी अमिट छाप छोड़ गया।

Related posts