नैया नाले में 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज,रायबरेली- चंदापुर थाना क्षेत्र के पहरेमऊ गांव के पास स्थित नैया नाले में मंगलवार को नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पहरेमऊ गांव निवासी बब्लू 16 वर्ष पुत्र प्रेमचंद्र अपने साथियों के साथ नैया नाले में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने किशोर का परीक्षण के दौरान मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। सूचना पर चंदापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. गणनायक पांडे ने बताया कि किशोर को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले के खतरनाक हिस्सों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related posts