140 से अधिक अंजुमनों ने लिया हिस्सा, घोड़े-ऊंट और सजी गाड़ियों ने बढ़ाई शोभा; जगह-जगह हुआ स्वागत
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को सीतापुर शहर में मरकजी कमेटी के सदर हाजी मुजीब अहमद व कमेटी की अगुवाई में 61वां जुलूस-ए-मोहम्मदी शान-ओ-शौकत और अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस में शहर की करीब 140 से 145 अंजुमनों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, जुलूस में करीब 40 से 50 हजार अकीदतमंद शामिल हुए।
जुलूस से पहले मोहल्ला कोट में बड़ी संख्या में अकीदतमंद एकत्र हुए, जहां फातिहा कराई गई। इसके बाद जुलूस अपने कदीमी रास्तों से रवाना हुआ। घोड़ों, ऊंटों और आकर्षक ढंग से सजी गाड़ियों ने जुलूस की शोभा बढ़ाई। विभिन्न अंजुमनों की ओर से नातिया कलाम पेश किए गए और अकीदतमंद नारे-ए-तकबीर की सदाओं के साथ आगे बढ़ते रहे।
जुलूस मोहल्ला कोट से शेख सराय, मिरदही टोला, मुंशीगंज, रामलीला मैदान, तरीनपुर, मन्नी चौराहा और कोट चौराहा समेत विभिन्न कदीमी रास्तों से होकर आगे बढ़ा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों के लिए शरबत, पानी, कोल्ड ड्रिंक व चाय आदि की व्यवस्था की।
मरकजी कमेटी के सदर हाजी मुजीब अहमद ने बताया कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर यह 61वां जुलूस निकाला गया है। उन्होंने कहा कि जुलूस को सादगी, अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। आयोजन में सभी समुदायों के लोगों का सहयोग मिला। जुलूस की व्यवस्था के लिए मरकजी कमेटी की ओर से बड़ी संख्या में वालंटियर लगाए गए थे।
वहीं पुलिस और प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ता रहा।
जुलूस अपने कदीमी रास्तों से होता हुआ तरीनपुर पहुंचा, जहां से काजियारा चौराहे पर पहुंचकर इसका समापन किया गया। इसके बाद जुलूस जलसे में तब्दील हुआ। जलसे में नातिया कलाम और तकरीरें पेश की गईं। साथ ही जुलूस में शामिल अंजुमनों को मरकजी कमेटी की ओर से सम्मानित किया गया।
