सर्पदंश की दो घटनाओं से मचा हड़कंप, समय पर इलाज से बची युवती और वृद्ध की जान

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महाराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में सर्पदंश की दो घटनाओं से हड़कंप मच गया। ज़हरीले सांप के काटने से अचेत हुई एक युवती और एक वृद्ध को परिजनों ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महाराजगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की तत्परता से दोनों की जान बच गई।पहली घटना हसनपुर गांव की है। गांव निवासी 20 वर्षीय वंदना पुत्री हंसराज खेत में पशुओं के लिए घास काटने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे किसी विषैले सांप ने उसे डस लिया।

साहस दिखाते हुए वंदना किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी महाराजगंज लेकर पहुंचे।

वहीं दूसरी घटना मोन गांव की है। यहां के निवासी 60 वर्षीय गंगा बक्स घर के पीछे मवेशियों की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने उनके पैर में काट लिया। वृद्ध की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें भी तत्काल सीएचसी पहुंचाया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. गणनायक पाण्डेय ने बताया कि दोनों मरीजों को अस्पताल पहुंचते ही एंटी-वेनम इंजेक्शन सहित आवश्यक उपचार दिया गया। समय पर इलाज मिलने के कारण दोनों की हालत में तेजी से सुधार हुआ है और अब वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं।

डॉ. पाण्डेय ने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और मरीज को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं, जिससे समय रहते उचित उपचार मिल सके।

Related posts