रक्षाबंधन की रात दो सड़क हादसे: नैय्या नाले में गिरी कार, छुट्टा मवेशी से टकराई बाइक; पांच घायल।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। रक्षाबंधन पर्व की रात महराजगंज थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि नैय्या नाले में कार पलटने के बावजूद सभी लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं हलोर बाजार के पास छुट्टा मवेशी से टकराकर एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पहला हादसा महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग पर कुबना गांव के पास स्थित नैय्या नाले पर देर रात करीब 12 बजे हुआ। बाराबंकी जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र के त्रिवेदीगंज निवासी विनय कुमार जायसवाल (35) अपनी पत्नी शिवानी (25), पुत्री नित्या (3) और निहारिका (9) के साथ कार से रक्षाबंधन मनाने महराजगंज आ रहे थे। बताया जाता है कि नैय्या नाले के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए पानी में जा गिरी।

देर रात सन्नाटे में कार सवारों की चीख-पुकार सुनकर भुजिहा गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस व एम्बुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को खतरे से बाहर बताया। हादसे में क्षतिग्रस्त कार समाचार लिखे जाने तक नाले के पानी में ही डूबी हुई थी।

इसी रात करीब नौ बजे दूसरा हादसा हलोर बाजार के पास हुआ। दरियागंज निवासी मनोज (32) पुत्र राम मिलन बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर आए छुट्टा मवेशी से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मनोज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी महराजगंज ले गए,

जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया।

सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है तथा दोनों हादसों में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Related posts