बारिश थमते ही सड़कों पर उतरी नगर पालिका, ईओ स्वर्ण सिंह ने संभाली कमान।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हुई शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को मौसम साफ होते ही जिला अस्पताल चौराहा, सुपर मार्केट स्थित रिफॉर्म क्लब मार्ग समेत कई प्रमुख स्थानों पर सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। अधिशासी अधिकारी (ईओ) स्वर्ण सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और कार्यों का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बारिश के चलते शहर की कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे।

जलभराव के कारण ये गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर पालिका ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत शुरू कराई।मरम्मत कार्य के दौरान गड्ढों में गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री डालकर सड़क को समतल किया गया, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।

नगर पालिका की टीम ने दिनभर विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सड़कों की स्थिति का जायजा लिया और प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया।

निरीक्षण के दौरान ईओ स्वर्ण सिंह ने कहा कि नगर क्षेत्र में जहां-जहां बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, वहां तेजी से मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अस्थायी मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है, जबकि बारिश का मौसम समाप्त होते ही स्थायी समाधान के तहत डामरीकरण और व्यापक सड़क सुधार कार्य कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व गल्ला मंडी, किला बाजार और अन्य प्रमुख मार्गों पर भी मरम्मत कार्य कराया जा चुका है। नगर पालिका का लक्ष्य है कि शहर की सभी खराब सड़कों को जल्द दुरुस्त कर नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Related posts