रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के पूरेलोदी मजरे पिंडारी कला गांव में राहत सामग्री वितरण के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों ने गांव के चौकीदार के घर में घुसकर मारपीट की, जिसमें चौकीदार सहित परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। घायलों में एक मासूम बच्ची भी शामिल है।
पीड़ित चौकीदार रामचरन के अनुसार, बीते रविवार को गांव में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान उनका पुत्र पवन कुमार भी राहत सामग्री लेने पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। घटना से आहत होकर पवन घर वापस लौट आया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ समय बाद गांव के ही कई लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर हमला बोल दिया। शोर-शराबा सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए पहुंचे तो उन्हें भी पीट दिया गया। इस हमले में चौकीदार रामचरन, उनका पुत्र पवन कुमार और बहू घायल हो गए।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने घर में मौजूद मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा और उसे जोर से फेंक दिया, जिससे वह चोटिल हो गई। घटना के बाद हमलावर परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और गांव छोड़ने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और कोतवाली पुलिस को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
