दिशा बैठक में गरजे विधायक, प्लेकार्ड दिखाकर स्कूल बंदी व जर्जर सड़कों पर मांगा जवाब

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी प्लेकार्ड और पोस्टर लेकर बैठक में पहुंचे। उनके साथ बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अधिकारियों और विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

बैठक के दौरान विधायक राहुल लोधी ने हरचंदपुर क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों के बंद होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बच्चों को पढ़ाई के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने जिला पंचायत की कई जर्जर एवं खराब सड़कों का मामला उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।

विधायक ने विकास कार्यों की प्रगति पर भी नाराजगी जताई और प्रदेश सरकार के कुछ मंत्रियों पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सड़क, शिक्षा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।बैठक में मौजूद बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती ने भी जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की।

दिशा बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।

फोटो कैप्शन: दिशा बैठक में प्लेकार्ड दिखाकर क्षेत्रीय समस्याएं उठाते हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी।

Related posts