रायबरेली में गूंजा हर-हर महादेव, भव्य शिव महापुराण कथा का शुभारंभ

पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से सात दिवसीय कथा, कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय परिवार सहित हुए शामिल।

पहले ही दिन उमड़ा आस्था का जनसैलाब, पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के चढ़रई चौराहे पर शुक्रवार से सात दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से होने वाली कथा को लेकर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। कथा के प्रथम दिन ही विशाल पंडाल शिवभक्तों से खचाखच भर गया और चारों ओर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।कथा में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय अपनी पत्नी एवं परिवार के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव का पूजन कर कथा का श्रवण किया।

कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा, वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।कथा के दौरान मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि ऊंचाहार की जनता को शिव महापुराण सुनने का सौभाग्य मिलना किसी व्यक्ति विशेष का प्रयास नहीं, बल्कि भोले बाबा की कृपा और क्षेत्र की जनता के सामूहिक सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि नाम भले ही मनोज पांडेय एक व्यक्ति का हो, लेकिन इस आयोजन में ऊंचाहार के एक-एक परिवार ने मेहनत, परिश्रम और योगदान दिया है।

उन्होंने हाल ही में निकली भव्य कलश यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह 50 हजार से अधिक माताओं और बहनों ने कलश धारण कर लंबी यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव और सनातन के प्रति अपनी आस्था प्रकट की, वह अद्भुत और भावुक कर देने वाला दृश्य था। उन्होंने कलश यात्रा में शामिल मातृशक्ति का अभिनंदन किया।मंत्री ने कहा कि कथा के प्रथम दिन ही जिस तरह श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा है,

उससे आने वाले दिनों में आस्था का यह सैलाब और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति और आस्था को और मजबूत करने का माध्यम बताया।उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, 15 सितंबर को तेलंगाना के राज्यपाल तथा 16 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।

इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री भी कथा में शामिल होंगे।सात दिनों तक चलने वाली इस शिव महापुराण कथा को लेकर ऊंचाहार ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वही इस कथा सुनने के लिए बहुत दूर दराज से लोग पहुंच रहे है।

Related posts