मीडिया में खबर प्रसारित होते ही हरकत में आया प्रशासन, बिजली समस्या का तत्काल हुआ निस्तारण।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 11 सितम्बर। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, शेषपुर समोधा से संबंधित समस्याओं की खबर मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मामले का संज्ञान लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी महराजगंज आयुष अग्रवाल को तत्काल विद्यालय पहुंचकर छात्रों से संवाद करने और उनकी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर विद्यालय पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, आवासीय व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं, जिन्हें उन्होंने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छात्रों ने विशेष रूप से विद्यालय में विद्युत आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और बिजली समस्या का समाधान करा दिया। प्रशासन की त्वरित पहल के बाद विद्यालय में विद्युत आपूर्ति सुचारू हो गई है।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी सुविधाओं से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
उन्होंने विद्यालय प्रशासन को भी निर्देशित किया कि छात्र-छात्राओं को अध्ययन एवं आवासीय व्यवस्था से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से विद्यालय के विद्यार्थियों में संतोष का माहौल देखा गया।
