सिविल लाइन ओवरब्रिज के नीचे युवक की पिटाई, वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी

दिनदहाड़े मारपीट से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर के सिविल लाइन चौकी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े मारपीट की घटना से हड़कंप मच गया। सिविल लाइन ओवरब्रिज के नीचे स्थित एक दुकान पर पहुंचे युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित विनोद कुमार अवस्थी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान के पास पहुंचे थे।

आरोप है कि इसी दौरान अर्पित नामक युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद के बाद विनोद के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि उसे बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह घायल हो गया।

बताया जाता है कि विनोद कुमार अवस्थी शहर के एक निजी अस्पताल शंकुश हॉस्पिटल में कार्यरत हैं। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। जल्दबाजी में वे अपना वाहन भी घटनास्थल पर छोड़ गए।घटना की सूचना पर सिविल लाइन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

चौकी प्रभारी कपिल चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Related posts