स्कूलों पर ताले, शराब के ठेके चालू; शिक्षा व्यवस्था पर सरकार गंभीर नहीं : मनोज कुमार पाल।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। चंदापुर क्षेत्र के पूरे नया पूर्वा गांव में मंगलवार को पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जनसभा एवं कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेता मनोज कुमार पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी रही।

सभा को संबोधित करते हुए मनोज कुमार पाल ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय विद्यालयों को बंद करने का काम कर रही है, जबकि शराब के ठेकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ती रही है तथा पीडीए समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि श्याम सुंदर भारतीय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता ही सामाजिक परिवर्तन का आधार बनेगी।कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्रधान छेदीलाल पासी ने किया। इस दौरान सपा ब्लॉक उपाध्यक्ष समय बहादुर यादव, पूर्व प्रधान रामबरन यादव, बबली यादव, गया प्रसाद चौरसिया, रामनरेश प्रजापति, विजेंद्र यादव सहित सैकड़ों की संख्या में पीडीए कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Related posts