17 सितम्बर से रायबरेली में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, एक माह तक चलेंगे जनकल्याण कार्यक्रम।

रिपोर्ट रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि शासन के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना और नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।

डीएम ने बताया कि अभियान के दौरान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 17 सितम्बर को ‘सेवा दिवस–आशीर्वाद का दिया’ थीम के तहत जिला अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे, वहीं विभिन्न प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को टूल किट भी प्रदान की जाएगी।

अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों, शहरी वार्डों और मलिन बस्तियों में दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम आयोजित कर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही 17 सितम्बर की शाम 7 बजे जनपद के लाभार्थी परिवार अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। सरकारी कार्यालयों, प्रमुख घाटों, मंदिरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में भी विशेष दीपोत्सव कार्यक्रम होंगे।

डीएम ने बताया कि गेंगासो घाट, गोकना घाट, डलमऊ घाट, संकटा देवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर, चुरुवा मंदिर, भवरेश्वर, अचलेश्वर और बालेश्वर मंदिर समेत जनपद के प्रमुख स्थलों को विशेष रूप से दीपों से सजाया जाएगा। अभियान के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों को आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

Related posts