रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली।मार्ग पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ऑटो और बैटरी संचालित ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो चालक का पैर टूट गया, जबकि ई-रिक्शा चालक और एक महिला यात्री भी घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार महराजगंज कस्बे के वारसी नगर निवासी सलीम घोसी ऑटो में सवारियां लेकर रायबरेली से महराजगंज की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो नवोदय चौराहे से आगे एसजेएस पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे अजीजगंज निवासी सुरेंद्र के बैटरी संचालित ई-रिक्शा से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया।हादसे में ऑटो चालक सलीम घोसी गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया। वहीं ई-रिक्शा चालक सुरेंद्र और महिला यात्री प्रिया को भी चोटें आईं। चिकित्सकों ने तत्काल सभी घायलों का उपचार शुरू किया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अनिल भारद्वाज ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीनों लोगों को अस्पताल लाया गया था। ऑटो चालक सलीम के पैर में फ्रैक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जबकि अन्य दोनों घायलों की हालत सामान्य है और उनका उपचार सीएचसी में किया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
