लगातार बारिश का कहर: कहीं सड़क पर गिरा विशाल नीम का पेड़, कहीं ढहा गरीब का आशियाना

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। एक ओर जहां बारिश धान की फसल के लिए वरदान साबित हो रही है, वहीं दूसरी ओर पेड़ों के गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कच्चे मकानों के ढहने जैसी घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

गुरुवार को महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग पर कुबना गांव के निकट कोटवा मदनिया मोड़ के पास एक विशाल नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। पेड़ गिरने से बिजली की लाइन टूट गई और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बारिश और कीचड़ के बीच बाइक सवारों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश सिंह ने बिजली विभाग को अवगत कराया, जिसके बाद एहतियातन विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात बहाल हो सका।

अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति पुनः शुरू करा दी गई है।वहीं शुक्रवार को जनई गांव में लगातार बारिश के चलते एक गरीब परिवार पर मुसीबत टूट पड़ी। गांव निवासी रामकेवल का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया।

गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य मकान के बाहर छप्पर के नीचे मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल स्वाती वर्मा मौके पर पहुंचीं और क्षति का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

शासन की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related posts