रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंदापुर/रायबरेली। थाना क्षेत्र के जनई ग्राम सभा में एक गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गरीबी और बदहाली में जीवन यापन कर रहे रामकेवल कोरी के जीवन में एक के बाद एक आई विपत्तियों ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है। पहले पिता का साया सिर से उठ गया, उसके बाद पत्नी का निधन हो गया और अब लगातार हो रही बारिश ने उसका कच्चा आशियाना भी छीन लिया।
बताया जाता है कि रामकेवल कोरी बेहद आर्थिक तंगी में अपना जीवन गुजार रहा है। परिवार पर पहले से ही दुखों का बोझ था, लेकिन हाल की बारिश ने उसके घर को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उसके सामने रहने और परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
घर गिरने के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।ग्रामीणों के अनुसार मामले की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रधान द्वारा आश्वासन दिया गया कि लेखपाल को भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा।
बताया गया कि लेखपाल ने सुबह 11 बजे आने का समय दिया था, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिल सकी थी।पीड़ित रामकेवल कोरी ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय है और उसे तत्काल आर्थिक सहायता तथा आवास योजना का लाभ दिया जाना चाहिए।अब सभी की निगाहें शासन और प्रशासन की ओर टिकी हैं कि आखिर इस गरीब परिवार की पुकार कब सुनी जाएगी और उसे राहत कब मिलेगी।
