बीमित किसान 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दें सूचना।
धारा लक्ष्य समाचार
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली जनपद में लगातार हो रही बेमौसम बारिश, जलभराव और तेज हवाओं से प्रभावित फसलों का सर्वेक्षण कराया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पाण्डेय ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों की फसल क्षति का आकलन करने के लिए राजस्व, कृषि विभाग एवं बीमा कंपनी की संयुक्त टीम गठित की गई है।
उन्होंने बताया कि धान, ज्वार, तिल, मूंगफली और अरहर समेत अधिसूचित फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान पर योजना के प्रावधानों के अनुसार क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि फसल क्षति होने पर घटना के 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना अवश्य दें।
संयुक्त सर्वेक्षण टीम प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर जांच कर रिपोर्ट बीमा कंपनी को सौंपेगी, जिसके आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते नुकसान की सूचना दर्ज कराने की अपील की है।
