राशन की मांग को लेकर रंजिश का आरोप, पीड़ित के भाई ने पुलिस से कार्रवाई की लगाई गुहार।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली/सलोन। सलोन थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के भाई प्रेम कुमार पासी ने प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कई नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।प्रार्थना पत्र के अनुसार, 30 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे हेत कुमार पासी रोहनिया स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था।
आरोप है कि रोहनिया और गांव के बीच सुनसान स्थान पर पहले से मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया।पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि राशन कोटेदार होने के कारण आरोपी पक्ष द्वारा हर महीने अनाज की मांग की जा रही थी। इसी रंजिश में कट्टा और लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
हमले में हाथ-पैर में गंभीर चोट लगने के साथ बाइक और मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त करने तथा जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया गया है।शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी मौके से चले गए। परिजन घायल को सीएचसी सलोन ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित परिवार ने जान का खतरा बताते हुए पुलिस से मुकदमा दर्ज कर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
