डंपर की टक्कर से बच्चे की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे किया जाम

गांव के पास ब्रेकर बनवाने की मांग पर अड़े ग्रामीण, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के मनऊ खेड़ा गांव के पास बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे पर डंपर की टक्कर से घायल हुए बच्चे की लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में बच्चे की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के पास स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया और सड़क पर ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के पास वाहनों की तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे का खतरा बना रहता है। सुरक्षा के लिए यहां ब्रेकर बनाया जाना जरूरी है।

जाम की सूचना मिलते ही शिवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई और उनकी मांग को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए थे।

Related posts