जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े देश की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला : जिलाधिकारी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी, 07 अक्टूबर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए बुधवार को जनपद बाराबंकी में फील्ड ट्रेनरों (एफटी) के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, अयोध्या रोड, निकट रसौली, बाराबंकी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के कुल 118 फील्ड ट्रेनरों को दो बैचों में चार मास्टर ट्रेनरों द्वारा तीन दिनों तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के द्वितीय चरण में किए जाने वाले जनसंख्या गणना कार्य की प्रक्रिया, ऐप आधारित डिजिटल गणना, प्रश्नावली भरने, सूचनाओं के सही संकलन एवं सत्यापन सहित जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का प्रमाणिक आधार उपलब्ध कराने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। जनगणना से प्राप्त सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर ही सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्माण, संसाधनों का बेहतर नियोजन तथा विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करती है।

उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनरों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की प्रत्येक प्रक्रिया एवं उसकी बारीकियों को गंभीरता से समझें, ताकि फील्ड स्तर पर गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य की सफलता काफी हद तक फील्ड ट्रेनरों एवं प्रगणकों की दक्षता पर निर्भर करेगी। इसलिए प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को पूरी तरह आत्मसात करते हुए फील्ड में कार्य करने वाले कार्मिकों को भी स्पष्ट एवं व्यवहारिक तरीके से प्रशिक्षित किया जाए।

जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में समयबद्धता, शुद्धता, गोपनीयता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से प्राप्त सूचनाओं का सही तरीके से संकलन एवं सत्यापन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी पंकज वर्मा ने कहा कि जनगणना का कार्य व्यापक स्तर पर किया जाना है। ऐसे में सभी संबंधित कार्मिक अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता से समझते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करते हुए सभी बिंदुओं को अच्छी तरह समझने का आह्वान किया।

अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी निरंकार सिंह ने भी जनगणना कार्य की उपयोगिता एवं महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जनगणना देश की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ प्रतिभाग करने की अपील की।

सहायक निदेशक जनगणना एवं जिला प्रभारी जनगणना अजय सिंह भारती ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में फील्ड स्तर पर जनसंख्या गणना का कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक संपादित किया जाएगा। इस दौरान प्रगणकों द्वारा प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ ही डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन एवं फीडिंग की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराना है।

कार्यक्रम में जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, संबंधित अधिकारी, चार मास्टर ट्रेनर, नामित फील्ड ट्रेनर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

Related posts