डीएम की अध्यक्षता में नगरीय निकाय उप निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु बैठक सम्पन्न।

डीएम ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के दिये निर्देश।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली, 07 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में तहसील सलोन सभागार में नगरीय निकाय उप निर्वाचन-2026 को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में नगर पंचायत सलोन के रिक्त पद पर होने वाले उप निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की गई।

डीएम ने आरओ, एआरओ, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने को कहा।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समस्या या शिकायत मिलने पर उसका नियमानुसार तत्काल निस्तारण किया जाए।बैठक के बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, एसडीएम सलोन अंकित कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनायक शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts