गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, सात लोग गंभीर घायल

मथुरा से दर्शन कर प्रयागराज लौट रहे थे सभी कार सवार, लालगंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

खीरों /रायबरेली। रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना खीरों क्षेत्र के ग्राम चकफेरशाह मजरे बसावन खेड़ा के पास शुक्रवार देर रात करीब एक बजे तेज गति से आ रही ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सातों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की ब्रेजा कार संख्या UP 70 HR 2930 में प्रयागराज जिले के करछना निवासी राजकुमार, सुरेश, आशीष, अनिल, राम भवन, आशाराम और शिवकरन सवार थे। सभी लोग मथुरा में दर्शन करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी कार रायबरेली जिले में चकफेरशाह गांव के पास पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलने पर पीआरवी की जानकारी के आधार पर सेमरी चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह बुंदेला हमराही सिपाहियों के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को 112 वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन एंबुलेंस से सभी घायलों को प्रयागराज ले गए।

Related posts