मूर्तिकारों के यहां उमड़ी भक्तों की भीड़, पूजा पंडालों में अंतिम तैयारियां तेज।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। शक्ति की उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ 11 अक्टूबर से होने जा रहा है। मां दुर्गा की आराधना को लेकर जिलेभर में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। वहीं, मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मूर्तिकारों के यहां पहुंच रहे हैं।
शारदीय नवरात्रि आदि शक्ति मां दुर्गा की भक्ति और साधना का पावन पर्व है। इस पर्व की तैयारियां कई सप्ताह पहले से शुरू हो जाती हैं। मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर मिट्टी से मां दुर्गा और महिषासुरमर्दिनी की आकर्षक प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। भक्त अपनी पसंद की प्रतिमाएं लेकर पूजा पंडालों और घरों में स्थापना की तैयारियां कर रहे हैं।नवरात्रि के प्रथम दिन शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शुरू होगी।
मंत्रोच्चार, शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और ‘जय माता दी’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। नौ दिनों तक दुर्गा सप्तशती का पाठ, आरती, भजन-कीर्तन और भंडारों के माध्यम से मां की आराधना की जाएगी।मां के स्वागत को उत्साहित भक्त नवरात्रि को लेकर देवी भक्तों में खासा उत्साह है।
श्रद्धालु व्रत रखकर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, शक्ति और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारियों का दौर जारी है। हर ओर मां के स्वागत की उमंग दिखाई दे रही है।
