खीरों पुलिस ने खोला चोरी की तीन वारदातों का राज, पांच आरोपी गिरफ्तार

जेवरात और 23,280 रुपये नकद बरामद, गंगा एक्सप्रेस-वे किनारे जंगल में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

लालगंज, रायबरेली। खीरों थाना पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चांदी और पीली धातु के भारी मात्रा में जेवरात के साथ 23 हजार 280 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की तीन घटनाओं के खुलासे का दावा किया गया है।

सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खीरों पुलिस ने रूपखेड़ा ईंट-भट्ठे के पास गंगा एक्सप्रेस-वे किनारे जंगल में घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का माल बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने पांचों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन निर्मल, गोकरण पासी, असलम खान उर्फ बाबू, सूरज उर्फ नेपाली और विशाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी और पीली धातु के जेवरात तथा नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खीरों थाने में दर्ज चोरी के तीन अलग-अलग मुकदमों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related posts