विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण सम्पन्न

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली, 12 अक्टूबर 2026। विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सोमवार को राणा बेनी माधव ऑडिटोरियम में मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों, मतदान कार्मिकों तथा माइक्रो ऑब्जर्वरों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठा और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और मतदान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सावधानियों का पालन किया जाए।

प्रशिक्षण में क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के प्राचार्य अनूप कुमार ने पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया, मतदान सामग्री के उपयोग, निर्वाचन प्रपत्रों को भरने तथा मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। साथ ही मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री को सुरक्षित तरीके से जमा कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इस दौरान कार्मिकों की शंकाओं का समाधान किया गया।जिलाधिकारी ने माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान प्रक्रिया पर सतर्क दृष्टि रखने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts