दधीचि सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बाल अधिकारों, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित दधीचि सभागार में जागरूकता एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में बच्चों और छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों, शिक्षकों और पुलिसकर्मियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की जानकारी दी। उन्होंने जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील की। महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर खेल और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वहीं, सामाजिक कार्यों और पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को भी पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों ने सम्मानित लोगों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों को निरंतर प्रगति करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर नेहा त्रिपाठी, महिला थाना प्रभारी मधु सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
