बिना बिजली के PET परीक्षा देने को मजबूर हुए अभ्यर्थी, जनपद इंटर कॉलेज हरचंदपुर की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

हरचंदपुर /रायबरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की PET परीक्षा के दौरान जनपद इंटर कॉलेज हरचंदपुर में अव्यवस्थाओं को लेकर परीक्षार्थियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परीक्षा केंद्र के एक कमरे में बिजली और लाइट की व्यवस्था न होने के कारण अभ्यर्थियों को अंधेरे में बैठकर परीक्षा देने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस अव्यवस्था का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि जौनपुर समेत प्रदेश के कई जिलों से अभ्यर्थी महीनों और सालभर की मेहनत के बाद परीक्षा देने हरचंदपुर पहुंचे थे। बेमौसम बारिश और खराब मौसम के बीच लंबा सफर तय कर परीक्षा केंद्र पहुंचे अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि उन्हें बेहतर सुविधाओं के बीच परीक्षा देने का अवसर मिलेगा, लेकिन कमरे में पर्याप्त रोशनी न होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

परीक्षार्थियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में एक-एक मिनट और एक-एक सवाल महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का अभाव उनकी परीक्षा को प्रभावित कर सकता है। नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा दोबारा कराने, पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसे विद्यालय को परीक्षा केंद्र न बनाए जाने की मांग उठाई है।

Related posts