वृहद रोजगार मेले में डीएम ने चयनित अभ्यर्थियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र

53 कंपनियों ने किया प्रतिभाग, 1153 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली, 03 नवम्बर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय रायबरेली की ओर से मंगलवार को फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक कॉलेज, रतापुर परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 53 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया,

जिसमें रोजगार की तलाश में पहुंचे 2382 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 1153 अभ्यर्थियों का प्राथमिक रूप से चयन किया गया। वहीं, कुछ कंपनियों के चयन परिणाम अभी लंबित हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर रोजगार मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं अभ्यर्थियों से संवाद कर रोजगार के अवसरों तथा चयन प्रक्रिया की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता भी मौजूद रहीं।रोजगार मेले में असाइन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, उमोजा मार्केट प्लेस टेक्नोलॉजी, महादेव हनुमान विजय प्लेसमेंट सर्विस, क्विस कॉर्पोरेशन, अमॉस स्किल वेंचर्स, जेके टायर, अम्बर इंटरप्राइजेज, टाटा मोटर्स एवं सुजलॉन एनर्जी सहित कुल 53 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

कार्यक्रम के अंत में जिला सेवायोजन अधिकारी डॉ. दिनकर कुमार एवं फिरोज गांधी पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने अतिथियों, नियोजकों और अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच का संचालन एसएस पाण्डेय एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के सर्वेश कुमार राय ने किया।रोजगार मेले के सफल आयोजन में कॉलेज के प्रवक्ताओं, टीपीओ, सहायक टीपीओ, कौशल विकास मिशन की वंदना सिंह तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

Related posts