धारा लक्ष्य समाचार
लखनऊ-समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार विरासत और धरोहर को बर्बाद कर रही है। आस्था को व्यापार बना रही है। वृंदावन में कॉरिडोर के नाम पर जमीनों का खेल हो रहा है। भाजपा की नज़र जमीनों पर है। अपने कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए भाजपा लाखों लोगों को उजाड़ रही है।
ये कारीडोर रास्ता नहीं आस्था है। वृंदावन की गलियां आस्था की गलियां है। उनका हेरीटेज वैसा ही रहना चाहिए। सरकार चौड़ीकरण के नाम पर पुरानी चीजों को खत्म कर रही है। बात चौड़े रास्तों की नहीं, मैनेजमेंट की होती है। अगर चौड़ा स्थान से ही भीड़ संभल सकती है तो कुंभ खुले मैदान में लगा था वहां क्यों भगदड़ हो गयी।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार मैनेजमेंट में फेल हो जाता है।
उसके सुधारने के बजाय तोड़फोड़ और बर्बादी करती है। भाजपा सरकार को उन देशों से प्रेरणा लेना चाहिए जिन्होंने अपनी विरासत और संस्कृति को बचाते हुए विकास किया है। वृंदावन में जो लोग आते है वे कुंज गलियों को देखने आते है। कुंज गलियों में राधा-कृष्ण के हजारों गीत बने हैं। उनका अपना इतिहास है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सारा झगड़ा जमीन का हैं जिस तरह से भाजपा ने अयोध्या में जमीनों में हेरफेर किया, वाराणसी में हजारों मंदिर तोड़े वही वृंदावन में भी करना चाहती है। मथुरा वृंदावन में पांच हजार से ज्यादा मंदिर हैं। जिन्हें पुराने जमाने के तमाम राजाओं और महाराजाओं ने उन्हें बनवाया है। भाजपा अपने लोगों को ठेका देकर उनसे चंदा वसूली करती है। मुआवजा के नाम पर घोटाला करती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता आज मजबूर है। प्रदेश में नई सरकार आयेगी तब विकास के नाम पर भाजपा की विनाश की नीति हमेशा के लिए समाप्त कर दी जाएगी। हर मुआवजा, घोटाले की जांच होगी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने कई जगह जमीनों के अधिग्रहण के बदले में मुआवजा नहीं दिया या अपने लोगों को खुश करने के लिए खेल करते है। भाजपा जिस तरह का काम कर रही है उसे मथुरा वृंदावन कभी माफ नहीं करेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लिए भाजपाई टेªनिंग मैनुअल में महाभ्रष्टाचार का एक अध्याय है कॉरिडोर करप्शन। कैसे धन सम्पत्ति पर नियंत्रण कर लें? कैसे सरकारीकरण करेंगे? कैसे चढ़ावे से भाजपाई अपनी जेब भरेंगे? कैसे सुविधाओं के नाम पर जनता को गुमराह करते है? कैसे आसपास की जमीन पर कब्जा करें? कैसे मुआवजा के नाम पर कमाई करे?
कैसे जमीनों को औने-पौने दाम पर खरीदे? कैसे बाद में दूसरे को दुगना रेट पर जमीनों को बेंचे? कैसे छोटे दुकानों को नुकसान पहुंचाए? कैसे बाहरी लोगों के सहारे राजनीति करे? कैसे आस्था को व्यापार बनाये? अयोध्या में कुछ मिनटों में जमीनों में कितना घपला हुआ, सभी ने देखा।
यादव ने कहा कि भाजपा आस्था को व्यापार न बनाये। आस्था को आस्था रहने दें। जो वहां की परम्परागत चीजें होती रही हैं उस आर्टिटेक्चर को नष्ट न करें।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कोई भी चीज बना नहीं सकती है जो चीजें बनी है उसे बर्बाद कर देती है। समाजवादी सरकार में गोमती रिवर फ्रंट बनाया गया। इस सरकार ने बर्बाद कर दिया।
यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने विश्वस्तरीय काम किये। अंतर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम इकॉना बनाया, जनेश्वर मिश्र और लोहिया पार्क बनाया। प्लासियो माल, किसान बाजार बनाया। यह सब कम उदाहरण है। यह काम इसलिए अच्छे और विश्वस्तरीय बने क्योंकि हमने अधिकारियों के विदेशों में भेजा। वे काम और काम करने का तरीका समझ कर आये और बेहतरीन काम हुए। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तारीफ तो विरोधी भी करते है। देश का पहला एक्सप्रेस-वे है, जिस पर लड़ाकू विमान सुखोई और मेराज उतरे।

