यूनिसेफ के सहयोग से जल, स्वच्छता एवं पोषण सुधार हेतु चयनित ग्राम पंचायतों की परिचयात्मक गोष्ठी सम्पन्न
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी, 31 जुलाई 2025।जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से जल, स्वच्छता, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने हेतु चयनित 104 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत 150 ग्रामों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण परिचयात्मक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) – 2.0, ऑपरेशन कायाकल्प और आंगनबाड़ी कायाकल्प जैसी प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गांवों में स्थापित की गई जलापूर्ति एवं स्वच्छता संबंधी सुविधाएं तभी प्रभावी होंगी जब उनका नियमित, समुचित एवं भागीदारीपूर्ण उपयोग हो।जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि यूनिसेफ द्वारा इन चयनित ग्राम पंचायतों को तकनीकी सहयोग प्रदान किया जाएगा,
ताकि योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर बेहतर ढंग से संचालन किया जा सके। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे केवल अवसंरचना तक सीमित न रहें, बल्कि उसके रख-रखाव और संचालन की जिम्मेदारी को भी गंभीरता से लें।
व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा, समाधान हेतु सुझाव
गोष्ठी के दौरान जिलाधिकारी ने स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत निर्मित आर0आर0सी0 सेंटर व जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकियों के संचालन की व्यवहारिक स्थिति के बारे में ग्राम प्रधानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्राम प्रधानों ने पाइप जलापूर्ति की बाधाएं, मोटर संचालन की दिक्कतें एवं सामुदायिक सहभागिता की चुनौतियों से अवगत कराया। इस दौरान उनके समाधान हेतु सुझाव भी आमंत्रित किये गए।
यूनिसेफ प्रतिनिधियों द्वारा जल प्रबंधन, संचालन एवं अनुरक्षण (O&M), महिला सहभागिता, निगरानी तंत्र और व्यवहार परिवर्तन संचार पर प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण दिया गया। उन्होंने बताया कि चयनित ग्रामों को सुदृढ़ प्रणाली देने हेतु तकनीकी प्रशिक्षण और निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी श्री नीतीश भोंडेले, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण श्री अमित कुमार, जिला समन्वयक – स्वच्छ भारत मिशन, बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री संतोष कुमार देव पांडेय, समस्त खंड विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं चयनित ग्राम पंचायतों के प्रधान, सचिव तथा ग्राम स्तरीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

