रामनगर कोतवाली क्षेत्र स्थित पौराणिक तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक बिजली के खंभे में करंट उतरने से दो स्थानीय दुकानदारों की मौत हो गई और कई लोग झुलस गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,
मंदिर परिसर के पास पुलिस चौकी के बगल में लाई और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों के पास यह हादसा हुआ। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर दर्शन के लिए गुजर रही थी, तभी पास में लगे बिजली के खंभे में करंट दौड़ने लगा। इसी दौरान कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
मृतकों में गोबरहा गांव निवासी संजय (36) की शिनाख्त हो चुकी है जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की कोशिशें की जा रही हैं। घायल श्रद्धालुओं को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
क्षेत्र में दहशत का माहौल है, लोग बेहद आक्रोशित हैं और बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बता रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित बिजली खंभे में पहले से करंट आ रहा था, इसकी सूचना कई बार विभाग को दी गई थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की बात कही है।

