बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र के त्रिवेदीगंज के रौनी पंचायत स्थित ऐतिहासिक औसानेश्वर महादेव मंदिर में सावन माह के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर विशेष आयोजन हुआ। सोमवार सुबह लगभग 8:40 बजे हेलीकॉप्टर से मंदिर प्रांगण में पुष्प वर्षा की गई।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। जैसे ही हेलीकॉप्टर ऐतिहासिक औसानेश्वर मंदिर के ऊपर से गुजरा, वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए।
कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने भगवान औसानेश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए नारे भी लगाए। कई श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत दृश्य को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। मंदिर प्रांगण में बोल बम और बम-बम के जयकारे भी गूंजते रहे।
इस आयोजन को लेकर मंदिर समिति के प्रबंधक सोनू गिरि और अध्यक्ष संजय गिरि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक दिनेश रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख त्रिवेदीगंज सुनील सिंह, हैदरगढ़ के रामदेव सिंह, अतुल गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

