धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। जिले के प्रत्येक परिषदीय विद्यालयों में इको क्लब का गठन किया जा चुका है। इको क्लब में बच्चों को विभिन्न पदाधिकारी बनाकर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपकर पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक किया जाता है। विद्यालय के परिवेश को हरा भरा और इको फ्रेंडली बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां की जाती हैं। इसी क्रम में विकास खण्ड क्षेत्र संग्रामपुर के प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर में गठित इको क्लब के बच्चों के द्वारा आज विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
बच्चों के द्वारा फूल और पत्तियों के माध्यम से कागज पर विभिन्न आकृतियां जैसे चूहा, बिल्ली, मोर, तोता, उल्लू आदि बनाया गया। इको क्लब के अंतर्गत बच्चों ने विभिन्न औजारों एवं उपकरणों के द्वारा विद्यालय में स्थित पेड़ पौधों की साफ सफाई की और उनकी गुड़ाइ और सिंचाई की। इस पर खण्ड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षकों के मार्गदर्शन में इको क्लब के द्वारा इको किट का प्रयोग कर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का ज्ञान कराया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त बच्चों के द्वारा गणितीय खेल, भारत के पड़ोसी देशों के नाम – राजधानी और उनकी मुद्रा का नाम आदि की गतिविधियां भी कराई जा रही है। विद्यालय के शिक्षक अनिल सरोज और जितेन्द्र सिंह के द्वारा बच्चों का मार्गदर्शन किया गया। विद्यालय के अनिरुद्ध यादव, शैलवी, आस्था शर्मा, वर्षा, अर्जुन कुमार गुप्ता स्वास्तिक, खुशी, नायरा शर्मा,किशन ,दिवाकर, अनन्या गुप्ता, अंकित आदि बच्चों के द्वारा इन गतिविधियों में प्रतिभाग किया।

