जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।बछरावां कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर गांव में रविवार को नहर में नहाने गए दो युवक अचानक डूब गए। हादसे में 17 वर्षीय दीपांशु की डूबकर मौत हो गई, जबकि उसका साथी अमरेश को ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों के मुताबिक दीपांशु सुबह नहर में नहाने गया था। नहाते समय उसका पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा न होने से वह तेज बहाव में बह गया। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और अमरेश को किसी तरह बचा लिया, लेकिन दीपांशु की तलाश शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दीपांशु को बाहर निकाला गया, मगर तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना से गांव और परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

