दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन घायल।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/रायबरेली।गुरुवार देर शाम करीब सात बजे हलोर गांव में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। हादसे में कोयला भट्ठी से काम कर घर लौट रहे दो मजदूर भी गंभीर रूप से चोटिल हुए। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार पूरे बैसन मजरे हलोर निवासी सुरेश (37) और साहबदीन (52) पाली स्थित कोयला भट्ठी से काम करके एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हलोर गांव में काशी डॉक्टर के घर के पास सामने से आ रही संदीप मौर्य की बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायलों की मदद की और एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी महराजगंज पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. अनिल भारद्वाज ने जांच के बाद बताया कि सुरेश के पैर में फ्रैक्चर तथा साहबदीन के सिर में गंभीर चोट आई है। कुछ देर बाद संदीप मौर्य भी उपचार के लिए सीएचसी पहुंचे। हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
