धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होते ही जिले की बाजारें पूरी तरह रौनक से भर उठी हैं। सुबह से ही विभिन्न बाज़ारों में ग्राहकों की चहल-पहल बनी हुई है। लोग माता दुर्गा की प्रतिमाएं, चुनरी, नारियल, दीपक, धूप, अगरबत्ती और अन्य पूजन सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार श्रद्धालुओं में उत्साह अधिक दिखाई दे रहा है।
नवरात्र के अवसर पर महिलाएं और युवतियां परिधान, आभूषण और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर विशेष रुचि दिखा रही हैं। कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिनभर लगी रही। वहीं बच्चों के लिए खिलौने, गुब्बारे और मिठाइयों की दुकानों पर भी खूब बिक्री हो रही है।
व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से मंदी का असर रहा था, लेकिन नवरात्रि के त्योहार ने बाजारों में फिर से रौनक ला दी है। ग्राहकों की लगातार बढ़ती भीड़ से बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है, जिससे कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि लोग बिना किसी परेशानी के खरीदारी कर सकें।
पूरे जिले का माहौल नवरात्रि की भक्ति और आस्था से सराबोर हो गया है। आने वाले दिनों में दशहरा और दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर बाजारों में और ज्यादा भीड़ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

