Amethi UP: राष्ट्रीय पोषण माह एवं मिशन शक्ति 5.0 के तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का हुआ सम्मान

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। राष्ट्रीय पोषण माह एवं मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत विकास खंड भेटुआ के सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर रॉकेट लर्निंग संस्था द्वारा प्रारंभिक बाल्य देखभाल एवं शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान वितरण जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी भेटुआ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत चाइल्ड लाइन से उपस्थित गौरव श्रीवास्तव ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं महिला सुरक्षा से जुड़े अधिनियमों की जानकारी प्रदान की। बाल विकास परियोजना अधिकारी भेटुआ अरविंद कुमार व्यास ने राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

अपने संबोधन में जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि “सरकार द्वारा एक साथ तीन महत्वपूर्ण अभियान—राष्ट्रीय पोषण माह, स्वस्थ नारी-स्वस्थ परिवार एवं मिशन शक्ति 5.0—चलाए जा रहे हैं। ये अभियान महिलाओं के स्वावलंबन, सुरक्षा, सम्मान तथा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से सीधे जुड़े हैं। ऐसे में सभी की भागीदारी आवश्यक है।”

उन्होंने उपस्थित महिलाओं से इन अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके साथ ही पोषण जागरूकता एवं मिशन शक्ति की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर रॉकेट लर्निंग के स्टेट प्रोग्राम मैनेजर दीपक कौशल, सुरेश कुमार यादव, सुपरवाइजर जयावती, प्रभावती सहित परिक्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

Related posts