धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बुधवार को अमेठी के सगरा तिराहे पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हाईकोर्ट अधिवक्ता रेहान खान ने अपने समर्थकों के साथ गांधी जी और शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दोनों महापुरुषों को नमन किया। उपस्थित लोगों ने भी श्रद्धा के साथ उन्हें याद किया।
माल्यार्पण के बाद रेहान खान समर्थकों संग अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुँचे। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और महापुरुषों की जयंती के अवसर पर मरीजों व तीमारदारों को मिलाकर 50 से अधिक लोगों को फल वितरित किए। इस मौके पर रेहान खान ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग से देश को आज़ादी दिलाई, वहीं शास्त्री जी ने जय जवान, जय किसान का नारा देकर किसानों और जवानों को सम्मान दिलाया।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को चाहिए कि वे इन महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर समाज में भाईचारे और सेवा की भावना को बढ़ावा दें। इस मौके पर विवेक पांडेय, दद्दू मिश्र, अनिल सिंह, प्रधान तुफैल खान, बीडीसी अज्जू खान, सुनील वर्मा, सुशीला, लखपति प्रजापति, रेनू आदि लोग उपस्थित रही।

