Amethi UP: इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज आफ नर्सिंग की छात्रा साक्षी को मिला गोल्ड मेडल

राज्यपाल ने प्रदान किया गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, अमेठी की बीएससी नर्सिंग फाइनल ईयर की छात्रा साक्षी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान (टॉप) किया है। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 30वें दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय कि कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और कुलपति करनाल डॉक्टर बृजेंद्र सिंह ने साक्षी को गोल्ड मेडल प्रदान किया। इस उपलब्धि पर नर्सिंग कॉलेज के शिक्षकों और छात्रों में उत्साह का माहौल रहा।

अयोध्या स्थित डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को तीसवां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ । जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति करनाल डॉक्टर बृजेंद्र सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने प्रशस्ति पत्र और गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया।

साक्षी गौरीगंज के ग्राम हरिहर सराय गार्थोलिया निवासी किसान सर्वेश्वर प्रसाद की बेटी हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग में वर्ष 2020-2024 बैच में प्रवेश लिया था। जून में घोषित हुए फाइनल परीक्षा परिणाम में साक्षी ने 79.34% अंक प्राप्त किए, जो न केवल उनके कॉलेज में बल्कि संपूर्ण अवध विश्वविद्यालय में सर्वोत्तम हैं।

इस उपलब्धि पर इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य डॉ. रमेश एस, उप्राचार्य डॉक्टर गोमती एम, संजय गांधी मेमोरियल ट्रस्ट के प्रशासक सेवा निवृत्त विंग कमांडर मनोज मुट्टू, इंदिरा गांधी ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट की सीईओ शर्मिला बरुआ राय चौधरी ने खुशी जाहिर करते हुए बधाई दी है।

Related posts