धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। जनपद अमेठी में मिशन शक्ति अभियान के बावजूद स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं। रणवीर इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया है कि उनके घर लौटते समय एक युवक द्वारा लगातार छेड़खानी की जा रही थी।
परिजनों ने बताया कि संजू कोरी नाम का व्यक्ति पिछले तीन दिनों से रास्ते में छात्राओं की साइकिल रोककर अभद्र व्यवहार करता था। तहरीर के अनुसार, युवक ने वीडियो में भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। परिजनों का कहना है कि जब छात्राओं ने विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें धमकी दी कि शिकायत करने पर उनके परिवार को फर्जी मामले में फंसाया जाएगा।
घटना स्थल पिंडोरिया गांव बताया जा रहा है, जो अमेठी कोतवाली से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर है। परिजनों ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो मिशन शक्ति जैसे अभियानों की प्रभावशीलता पर प्रश्नचिह्न लग जाएगा।

