पटाखों की किमत करीब 1200000 बताई जा रही है।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद अमेठी में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुसाफिरखाना थाना पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता प्राप्त की। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अमेठी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
थाना मुसाफिरखाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे क्रॉसिंग दादरा रोड के आगे गली में स्थित कपिल के मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी करते हुए अभियुक्त कपिल कुमार पुत्र जगप्रसाद निवासी वार्ड नं. 01, नगर पंचायत मुसाफिरखाना (उम्र लगभग 39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में 11 प्लास्टिक और 2 जूट की बोरियों में 10000 अनार, 4 बोरियों में 8000 मसताब, 5 बोरियों में 5000 सुतली बम तथा 12 कार्टनों में विभिन्न कंपनियों के 12000 पैकेट पटाखे और आतिशबाजी का सामान बरामद हुआ। बरामदगी का कुल वजन लगभग 10 कुंतल है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त पटाखा निर्माण व बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं दिखा सका। पूछताछ में कपिल ने स्वीकार किया कि वह और उसके पड़ोसी अब्दुल गफ्फार उर्फ चमरू, कयूम अली और खलील अहमद दीपावली के अवसर पर बिक्री हेतु यह पटाखे लाए थे। उन्होंने बताया कि सुतली बम का निर्माण वे स्वयं मिलकर करते थे और चोरी-छिपे उन्हें बेच भी रहे थे। पुलिस के पहुँचते ही तीनों सह-अभियुक्त मौके से फरार हो गए।
थाना मुसाफिरखाना पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 263/25 धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 5/9B विस्फोटक पदार्थ अधिनियम व धारा 288, 125 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे :
1. प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह
2. उपनिरीक्षक सौरभ सिंह यादव
3. उपनिरीक्षक राजेश कुमार दीक्षित
4. हेड कांस्टेबल कुलदीप अवस्थी
5. हेड कांस्टेबल नीरज यादव
6. कांस्टेबल सुघर सिंह यादव, रुपेश यादव, शिवम सविता एवं विकास राय
पुलिस अधीक्षक अमेठी ने टीम की इस सराहनीय कार्यवाही के लिए प्रशंसा करते हुए कहा कि आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जनपद में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

