धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। त्योहारों के मौसम में मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। दीपावली से पहले अमेठी में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में एक्सपायर रिफाइंड तेल जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, अमेठी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत खाद्य विभाग की टीम ने लल्लन सोनी के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने 2638 किलोग्राम एक्सपायर सूरजमुखी रिफाइंड तेल बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब ₹3,69,320 आंकी गई है। विभागीय टीम ने मौके पर मौजूद सभी 175 टिन एक्सपायर तेल को सीज करते हुए एक लीगल सैंपल संग्रहित किया है, ताकि आगे जांच और कार्रवाई की जा सके।
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व डीओ फूड सतीश शुक्ला ने किया, जबकि उनके साथ मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी युगल किशोर और जावेद अख्तर सिद्दीकी मौजूद रहे। टीम ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजार में नकली और एक्सपायर खाद्य सामग्री की बिक्री बढ़ जाती है, जिसे रोकने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।
डीओ फूड सतीश शुक्ला ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर जिलेभर में खाद्य सामग्री की जांच और छापेमारी अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “त्योहारों के दौरान लोग मिठाइयां और खाद्य पदार्थ बड़ी मात्रा में खरीदते हैं, ऐसे में विभाग की जिम्मेदारी है कि कोई भी मिलावटी या एक्सपायर उत्पाद जनता तक न पहुंचे। इस दिशा में सख्त निगरानी रखी जा रही है।”
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे त्योहारों में आकर्षक रंगों वाली मिठाइयां और खिलौने खरीदने से बचें। उन्होंने कहा कि रंगीन मिठाइयों और असुरक्षित खाद्य पदार्थों में मिलावट का खतरा अधिक रहता है, जो सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
खाद्य विभाग की यह कार्रवाई दीपावली से पहले जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों पर भी औचक निरीक्षण किए जाएंगे ताकि मिलावटी या एक्सपायर सामान की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

