Amethi UP: भेटुआ चौराहा पर सामुदायिक मिलन केंद्र की मांग तेज : ग्रामीणों ने सांसद और विधायक से लगाई गुहार

धारा लक्ष्य समाचार

भेटुआ/अमेठी। जिले के भेटुआ चौराहा क्षेत्र के ग्रामीणों ने इलाके में सामुदायिक मिलन केंद्र स्थापित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्रामीणों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने सांसद, विधायक और एमएलसी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निर्माण कराने की अपील की है।

भेटुआ ब्लॉक, जो लंबे समय से अपने राजनीतिक महत्व के लिए जाना जाता है, विकास खण्ड कई क्षेत्रों में अभी भी पिछड़ा हुआ है। 1970 के दशक में नौगिरावा में बना ब्लॉक मुख्यालय आज भी गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर है। वहीं भेटुआ चौराहे पर जर्जर राजकीय कृषि बीज भंडार, बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति और लौकापुर का अधूरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन अभी भी मौजूद है।

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज जैसे संस्थान तो बन रहे हैं, लेकिन एक साझा सामाजिक मंच की कमी अब भी महसूस की जा रही है। प्रस्तावित सामुदायिक मिलन केंद्र ग्रामीणों के लिए गोष्ठी, चौपाल, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली नृत्य, बिरहा, नौटंकी, सेमिनार और प्रशिक्षण जैसे सांस्कृतिक व विकासात्मक कार्यक्रमों का केंद्र बनेगा।

इस मांग का समर्थन करने वालों में प्रधान कुमुदलता, प्रवीण कुमार मौर्य, दिलीप कनौजिया, राम सजीवन यादव, आशा देवी, आभा कनौजिया, पवन कुमार सिंह, सीमा सिंह, ममता यादव, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजीत यादव और ब्लॉक प्रमुख आकर्ष शुक्ल आदि लोग शामिल हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

Related posts