*सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।*


अमेठी। शासन के निर्देशानुसार जनपद में दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को स्वतंत्र भारत के वास्तुकार लौह पुरूष सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की जयन्ती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भव्यता के साथ मनाया जायेगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियां ससमय सुनिश्चित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती भव्यता के साथ मनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती को लेकर शासन द्वारा सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं उसी के अनुसार सभी विभाग कार्यक्रमों का आयोजन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय में देश की एकता और अखण्डता के लिये राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलायी जायेगी। जनपद में राष्ट्रीय एकता के संदेश को फैलाने के लिये रन फॉर यूनिटी का आयोजन कराया जायेगा। उन्होने बताया है कि 31 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे कलेक्ट्रेट सहित प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों में छात्रों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में प्रभात फेरी व रैली निकाली जायेगी। इसके साथ ही विद्यालयों में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से संबंधित भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन आदि कार्यक्रम कराए जाएंगे। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां पूर्ण करते हुए लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती को भव्यता के साथ मनाया जाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र, बीएसए संजय तिवारी, डीआईओएस डॉ राजेश द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
