धारा लक्ष्य समाचार पत्र
गौरीगंज/अमेठी। जिले के गौरीगंज क्षेत्र के नेमधर पंडित का पुरवा स्थित अपने आवास पर प्रेस क्लब अध्यक्ष शीतला प्रसाद मिश्र द्वारा आयोजित श्रीराम कथा का शुभारंभ शुक्रवार को भक्तिमय माहौल में हुआ। कथा से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जो पूरे गौरीगंज नगर का भ्रमण करते हुए मुख्य कथा स्थल पर पहुंची।
पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” और “सियाराम जय जय राम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। पहले दिन कथा का शुभारंभ महामृत्युंजय पीठाधीश्वर आचार्य प्रणव पुरी जी महाराज (उज्जैन) के मंगलाचरण से हुआ।
उन्होंने गणेश वंदना और प्रभु श्रीराम की आरती के साथ कथा प्रारंभ की। महाराज श्री ने अपने अमृतमय वचनों में कहा “जहां व्यवस्था कमजोर हो और आस्था प्रबल हो, वहीं कथा का सच्चा आनंद मिलता है।”
उन्होंने भगवान शंकर और माता पार्वती के दिव्य संवाद, कागभुशुण्डि द्वारा श्रीराम कथा श्रवण प्रसंग, और माता पार्वती के तप और नारद मुनि के उपदेश का मार्मिक वर्णन किया। कथा व्यास ने बताया कि कथा श्रवण मात्र मनोरंजन नहीं, बल्कि मन और आत्मा के शुद्धिकरण का माध्यम है।
कथा में चित्रकेतु, सप्तऋषियों, उद्धव और गोपियों के प्रसंगों को बड़े ही भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा पांडाल श्रद्धा और भावविभोरता से भर उठा।
इस अवसर पर प्रमुख अतिथियों में टीकरमाफी आश्रम के स्वामी ब्रम्हचारी जी महराज,प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं तिलोई विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह, ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह (मुन्ना), एमएलसी कुंवर अक्षय प्रताप सिंह की पत्नी रानी मधुरिमा सिंह, ब्लॉक प्रमुख शाहगढ़ सदाशिव यादव, पूर्व प्रमुख जामो चौधरी नफीस अहमद, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र (मटियारी), जीएसटी कमिश्नर भूपेंद्र शुक्ला, विजय विक्रम सिंह, एवं संतोष सिंह (घाटमपुर) सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रीराम भक्ति से सराबोर यह आयोजन आस्था, प्रेम और दिव्यता का अद्भुत संगम बन गया। हर ओर “जय श्रीराम” के उद्घोष गूंज उठे और पूरा वातावरण राममय हो गया।

