धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की शिष्टाचार भेंट कर, किया आमंत्रित
अमेठी।
राजेश अग्रहरि मसाला उद्योग के मुखिया एवं समाजसेवी जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश मसाला ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपने बड़े पुत्र हिमांशु अग्रहरि के वैवाहिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया।
मुलाकात के दौरान उद्योगपति राजेश मसाला ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वे अपने पुत्र के वैवाहिक अवसर को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए एक पुनीत कार्य करने जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि वे 101 गरीब एवं निराश्रित बेटियों के विवाह हेतु प्रत्येक को ₹1,51,000/- (एक लाख इक्यावन हजार रुपए) की आर्थिक सहायता प्रदान करेंगे।
राजेश मसाला ने कहा कि समाज में अनेक ऐसी बेटियां हैं जिनके माता-पिता आर्थिक रूप से कमजोर हैं और उनके विवाह में कठिनाई आती है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों को आगे बढ़कर इन बेटियों की मदद करनी चाहिए, ताकि कोई भी बेटी आर्थिक अभाव के कारण अपना विवाह न कर पाए। उन्होंने बताया कि यह सहयोग राशि पूर्ण पारदर्शिता के साथ पात्र निराश्रित बेटियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्योगपति राजेश मसाला के इस मानवीय एवं सामाजिक निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में प्रेरणा का स्रोत बनते हैं और दूसरों को भी समाजसेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने उनके पुत्र हिमांशु अग्रहरि को आशीर्वाद देते हुए नवदंपति के मंगलमय जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
राजेश मसाला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद सदैव प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी समाजसेवा के क्षेत्र में इसी तरह निरंतर कार्य करते रहेंगे।
उद्योगपति राजेश मसाला न केवल अपने व्यवसायिक क्षेत्र में सफलता का प्रतीक हैं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने में भी अग्रणी भूमिका अदा कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीब कन्याओं के विवाह, और जरूरतमंद परिवारों की सहायता जैसे अनेक क्षेत्रों में उनका योगदान सराहनीय रहा है।

